मुंबई । अभिनेत्री-निर्माता अनुष्का शर्मा ने पशु क्रूरता के खिलाफ सख्त कानून की मांग करते हुए एक अभियान की शुरुआत की है। इस कैम्पेन को हैशटैग जस्टिस फार एनिमल्स का नाम दिया गया है। सोशल मीडिया पर अनुष्का के फालोअर्स की संख्या लगभग छह करोड़ है। अनुष्का ने अपराधियों को दंडित करने के लिए और कड़े कानून की मांग की है।मुंबई में लकी के साथ हुई घटना से अनुष्का बेहद प्रभावित हुई हैं।
लकी नाम के एक कुत्ते को लोगों ने इतनी बुरी तरीके से पीटा जिसके चलते उसकी मौत हो गई। पूरे देश में पशु अत्याचार के कई भयंकर मामलों पर प्रकाश डालते हुए अनुष्का ने एक नोट पोस्ट किया है जिसमें नीति में बदलाव लाने की मांग की गई है।अनुष्का ने कहा, लकी इकलौता नहीं है जिसे अमानवीय क्रूरता का सामना करना पड़ा।
हमारे देश में कुत्तों पर निर्दयतापूर्वक हमला करने और उन्हें मारने के कई और मामले सामने आए हैं। पशुओं को न्याय दिलाने के लिए , हैशटैग जस्टिस फार एनिमल्स पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 में संशोधन की आवश्यकता है हमें इस पर तत्काल ध्यान देने और कार्रवाई करने की जरूरत है। पशु क्रूरता के खिलाफ सख्त से सख्त कानून की आवश्यकता है।